- स्वास्थ्य केंद्र में जिला विधिक जागरूकता शिविर
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में मनाए जा रहें अमृत महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार ने कानून के दायरे में रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि बच्चा जब पैदा होता है तभी कानूनी प्रक्रिया से जुड़ जाता हैं। इसलिए सभी को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की जरूरत है। जागरूकता शिविर में लोगों को उनके विधिक अधिकारों एवं शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया।
साथ ही, लोगों को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के निस्तारण के संबंध में जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज सीनियर डिविजन विजय वर्मा ने बताया कि न्याय सबके लिए है। इसी संकल्पना को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्य कर रही हैं।
समाज के जो कमजोर व्यक्ति जिनको न्याय नहीं मिल पा रहा हैं। न्याय पाने के लिए दर-दर टक रहें हैं। ऐसे लोगों को निशुल्क सहायता प्रदान की जाती हैं। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से भी सुलह समझौते के आधार पर मुकदमों का निपटारा किया जाता हैं।
ऐसा कोई व्यक्ति जिसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा हैं। वो विभागों के चक्कर काट कर परेशान हैं। ऐसे व्यक्ति सादे कागज पर जिला विधिक प्राधिकरण को पत्र लिख सकते हैं। ऐसे व्यक्तियों की निशुल्क सहायता की जाएगी। इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष अशोक कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डा. विजेंद्र कुमार, ब्लांक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग व आरिश खान आदि मौजूद रहें।

