- सीएनजी की आपूर्ति बंद होने से पंपों पर लगी वाहनों की लाइनें, शाम को शुरू हो सकी आपूर्ति
जनवाणी संवाददाता |
परतापुर: बाइपास पर बन रहे सीएनजी के नये पंप को कनेक्शन देने के चलते सीएनजी की आपूर्ति शहर में बाधित हो गयी। करीब 17 घंटे तक सीएनजी की आपूर्ति नहीं हो सकी। इसके चलते वाहनों की पहिये थम गए। पंपों पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। शाम को जाकर आपूर्ति शुरू हो सकी। शहर में सीएनजी के पंपों की संख्या बढ़ती जा रही है। परतापुर में भी एक नया पंप लगाया जा रहा है। इस पंप को सीएनजी का कनेक्शन देने के लिए सीएनजी की आपूर्ति बाधित हो गयी। इसके चलते सीएनजी से चलने वाले वाहन यहां वहां खड़े होने शुरू हो गए।
पूरे दिन थ्री और फोर व्हीलर वाले पंपोें पर सीएनजी मिलने के इंतजार में खड़े रहे। कई पंपों पर तो सीएनजी लेने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं। कल रात से ही यह दिक्कत शुरू हो गयी थी। जिसने दिन में विकराल रूप धारण कर लिया। पूरे दिन पंपों पर वाहन लेकर खड़े लोगों का दोपहर बाद सब्र जवाब दे दिया और उनकी पंप के कर्मचारियों से कहासुनी होने लगी। कई पंपों पर बवाल हुआ। सीएनजी कंपनी से जुड़े अफसरों ने बताया कि परतापुर बाइपास पर सीएनजी पंप बनाया जा रहा है।
सीएनजी पंप को कनेक्शन देने के लिए गैस कंपनी ने शनिवार रात 12 बजे से दिल्ली से मेरठ आ रही गैस पाइप लाइन की सप्लाई बंद कर दी। दिल्ली रोड स्थित सीएनजी पंप के मैनेजर संदीप शर्मा ने बताया कि शनिवार देर रात से ही परतापुर बाइपास के निर्माणाधीन पंप को गैस सप्लाई देने के लिए गैस सप्लाई बंद कर दी गई। रविवार को दिनभर दिल्ली से मेरठ आने वाली गैस पाइप लाइन से पंप की लाइन को कनेक्ट करने का काम चला। बताया कि रविवार शाम को पांच बजे गैस लाइन सुचारू हो पाई।

