जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: केरल में कई दिनों की राजनीतिक हलचल, बैठकों और अंदरूनी खींचतान के बाद कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया। दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं दीपादास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन ने वीडी सतीशन को राज्य का नया मुख्यमंत्री घोषित किया। यह निर्णय विधानसभा चुनाव के परिणामों के 10 दिन बाद आया है।
एक नए युग की शुरुआत की उम्मीद
मुख्यमंत्री नामित होने के बाद वीडी सतीशन ने कहा, “एक नए युग की शुरुआत होगी, एक नए केरल की। हमें पता है कि राज्य की आर्थिक स्थिति नाजुक है, लेकिन हम बदलाव ला सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि राज्यपाल से मिलने से पहले वे अपनी पार्टी और गठबंधन नेताओं से चर्चा करेंगे।
चुनाव परिणाम और गठबंधन की स्थिति
केरल की विधानसभा की 140 सीटों में कांग्रेस-नेतृत यूडीएफ गठबंधन ने 102 सीटें, सीपीआईएम-नेतृत एलडीएफ को 35 सीटें और एनडीए को केवल 3 सीटें हासिल हुईं। इस बड़े जीत के साथ कांग्रेस ने राज्य में नई पीढ़ी के नेतृत्व की नींव रखी है।
राहुल गांधी और पार्टी का आभार
सतीशन ने कहा, “मैं इस पद को व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि ईश्वरीय आशीर्वाद मानता हूं। मैं राहुल गांधी और सभी वरिष्ठ नेताओं का आभारी हूं। यह जिम्मेदारी केवल मेरी नहीं, बल्कि पूरी टीम की है। केरल के हर वर्ग का समर्थन चाहिए ताकि एक नए केरल का निर्माण हो सके।”
मुख्यमंत्री पद की घोषणा से पहले राजनीतिक हलचल
मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में कई दिनों तक दिल्ली और तिरुवनंतपुरम में बैठकों और लॉबिंग का दौर चला। अंतिम निर्णय के लिए कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला भी दिल्ली में मौजूद थे। राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रूप से सतीशन को इस जिम्मेदारी के लिए चुना।
वीडी सतीशन का राजनीतिक सफर
कोच्चि जिले के सतीशन इस महीने 62 साल के होने वाले हैं। पेशे से वकील रहे सतीशन ने 2001 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा। 2021 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद उन्हें विपक्षी नेता बनाया गया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, एआई कैमरा विवाद और सोना तस्करी जैसे मुद्दों पर पिनराई विजयन सरकार पर लगातार हमले किए और खुद को आक्रामक विपक्षी नेता के रूप में स्थापित किया।
तिरुवनंतपुरम में समर्थकों के बीच पहुंचे सतीशन
मुख्यमंत्री पद की घोषणा से पहले ही सतीशन अपने परिवार के साथ तिरुवनंतपुरम पहुंच गए थे। विपक्षी नेता के रूप में सरकारी आवास पहुंचे सतीशन को बड़ी संख्या में समर्थक देखकर उत्साहित दिखाई दिए।

