- नहीं सुन रहे निगम के ठेकेदार, निकाली गई मिट्टी नहीं उठाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रोहटा पर नाला निर्माण क्या किया, ठेकेदार ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी। नाले से जो मिट्टी निकाली गई, उसका निस्तारण करने की बजाय उसे रोड पर ही डाल रखा है। लंबा समय बीत गया, मगर मिट्टी सड़क से नहीं हटाई जा रही है।
इसकी शिकायत नगरायुक्त को भी की, मगर समस्या का समाधान कुछ नहीं किया। हालत यह हो गई कि जनता त्रस्त है। जनता को वायु प्रदूषण का सामना करना पड रहा है। दिन भर मिट्टी सड़क पर उड़ती रहती है, जिसके चलते दुकानदारों को सर्वाधिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
आखिर इसके लिए जवाबदेही किसकी बनती है? जिम्मेदार अधिकारियों व इंजीनियरों पर नगरायुक्त मनीष बंसल ने कार्रवाई क्यों नहीं की? हालात और भी बिगड़ सकते हैं। एक तरफ तो कोरोना पीछा नहीं छोड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर खुले में लगे मिट्टी के ढेर बीमारी परोस रहे हैं।
यदि इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारियों ने इस मिट्टी को नहीं हटवाया तो लोग निगम आॅफिस पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे तथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। जनता सड़क पर लगे मिट्टी के ढेर से आजिज आ गई है, कई बार यहां हंगामा भी खड़ा हो चुका है।

