- राहत: जिले में 302 मरीज ठीक, 1093 सक्रिय केस बचे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जनपद में कोरोना संक्रमण का ग्राफ गिर रहा है, मगर मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। बुधवार को दो महिलाओं की उपचार के दौरान मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या तीन दर्जन के करीब पहुंच गई है। हालांकि संक्रमित और होम आइसोलेशन के मामलों में और गिरावट आई है। जिले में 181 नए केस मिले हैं और 302 मरीज ठीक हुए हैं। मृतकों में एक महिला 81 साल की बुजुर्ग और दूसरी 46 वर्ष की थी। लंबे समय से एक किडनी और दूसरी ब्रेन हेमरेज की शिकार थी।
सर्विलांस अधिकारी डा. अशोक तालियान ने बताया कि बुधवार को 5968 लोगों के सैंपल की जांच में 181 की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। फाजलपुर निवासी 81 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने इलाज के दौरान लोकप्रिय और पल्लवपुरम निवासी 46 वर्ष की महिला ने सुभारती अस्पताल में दम तोड़ा है।
जनपद में 302 और मरीज कोरोना को हराकर ठीक हुए हैं। उन्होंने बताया कि सक्रिय केस 1093 और होम आइसोलेशन में 1055 मामले रह गए हैं। बुधवार को 5738 नए लोगों के नमूने जांच को लैब भेजे गए और अस्पताल में 38 नए संक्रमित भर्ती किए हैं। 181 मरीजों में 83 नए और 98 संपर्क के केस हैं। बुधवार को जनपद में पल्हैड़ा क्षेत्र में सबसे अधिक 43 केस मिले हैं।
उधर, सरधना क्षेत्र में कोरोना केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रोजाना हो रही जांच में कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। एक दिन पूर्व जांच के लिए भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट आई तो पता चला कि चार लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित लोगों को तत्काल होम क्वारंटाइन करा दिया।
साथ ही उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी टेस्टिंग कराई। बुधवार को टीम ने कुल 125 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. सचिन कुमार का कहना है क आज चार केस समाने आए हैं। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच कराई जा रही है।
मेगा कैंप में 83684 को लगा टीका

जिले में बुधवार को मेगा कैंप लगाकर स्वास्थ्य विभाग ने 83684 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयुवर्ग, एचसीडब्लू व एफएलडब्लू समेत 2390 को बूस्टर डोज दी गई है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. प्रवीण गौतम ने बताया कि बुधवार को जनपद में 15 से 17 आयु वर्ग में 9756 किशोरों का वैक्सीनेशन किया गया है। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में 29006 ने कोरोना से बचाव की पहली खुराक ली। दोनों वर्ग में पहली डोज लेने वालों की कुल संख्या 38762 और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दूसरी खुराक लेने वालों की तादाद 42532 रही है।
61697 को नहीं लगा टीका
जनपद में 97.59 फीसदी लोगों को कोरोना से बचाव की पहली खुराक दी गई है। दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 69.5 फीसदी हैं। जिले में अब 61 हजार 697 लोग टीकाकरण से अछूते रह गए हैं।

