- पीड़ित परिजनों ने थाने में दी तहरीर, की कार्रवाई की मांग
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शोहदे से परेशान एक छात्रा ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। कई दिनों से छात्रा के घर में कैद रहने पर जब परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की रहने वाली छात्रा बुधवार को मां के साथ थाने पहुंची। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि जब वह घर से बाहर कही जाती है तो पड़ोस में ही रहने वाले युवक उसका पीछा करता है। इससे पहले जब वह कॉलेज जाया करती थी तो वहां भी पीछा करते हुए जाता था। कई बार उसने इसे नजरअंदाज किया।
आरोप था कि जब युवक उसके पास से निकलता तो अश्लील टिप्पणी करता या फिर किसी ने किसी बहाने से उसे टच करने लगा। हद तो तब हो गई जब मनचले ने उसका दुपट्टा पकड़ने का प्रयास किया। मनचले की लगातार हरकते बढ़ने के चलते छात्रा ने घर से बाहर आना-जाना बंद कर दिया।
कई दिनों से छात्रा के घर से बाहर न निकलने और गुमशुम रहने के चलते परिजनों ने बुधवार को उससे पूछताछ की। जिसके बाद छात्रा ने मनचले की हरकतों के बारे में बताया। इसके बाद परिजन बेटी को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

