- 6401 टेस्टिंग में 1298 पॉजिटिव, 22 की मौत
- अब तक 56538 संक्रमित 545 मौतें
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना का कहर जमकर बरस रहा है। लगातार एक हजार से ज्यादा संक्रमित रोज निकल रहे हैं। मंगलवार को जारी हुई रिपोर्ट में कहा गया कि 6401 टेस्टिंग में 1298 संक्रमित निकले और 22 लोगों की मौत हुई। अब तक कोरोना से 545 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 56538 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, कोरोना को मात देकर 878 लोग घर लौट चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की जारी रिपोर्ट में कहा गया कि मंगलवार को 13 लोगों की मौत हुई है। जबकि 22 से अधिक लोगों की मौत हुई है। सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने बताया कि जनपद में 18693 एक्टिव केस है। जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है।
वहीं, दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना का कहर तेज होता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक 1298 संक्रमितों में 550 के करीब कस्बों और गांव में मिले हैं। मेडिकल परिसर में कोरोना का कहर बरकरार है और मंगलवार को भी सात लोग कोरोना की चपेट में आ गए।
रुड़की रोड की कालोनियों के अलावा गंगानगर, कंकरखेड़ा और जागृति विहार आदि जगहों पर संक्रमण बढ़ रहा है। रिपोर्ट में कहा गया कि 1878 लोग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। जबकि 6754 लोग घर में रहकर इलाज करा रहे हैं। कोरोना के बढ़ते आंकड़ों ने मौतों की संख्या में एकबारगी तेजी ला दी है। जिस तरह से 500 का आंकड़ा पार हुआ है, उसने चिंता बढ़ा दी है।
सरधना क्षेत्र में कोरोना से तीन लोगों की मौत
क्षेत्र में कोरोना लोगों पर मौत बनकर बरस रहा है। मंगलवार को कोरोना की चपेट में आए छबड़िया गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा सरधना व अलीपुर गांव में भी एक-एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। सरधना के छबड़िया गांव निवासी 59 वर्षीय बुद्ध सिंह की कुछ दिन पहले तबीयत खराब हुई थी।
जांच कराने पर पता चला कि वह कोरोना पॉजिटिव है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे आइसोलेट कर दिया था। घर पर ही उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। वहीं अलीपुर गांव निवासी ललित पुत्र अजीत सिंह की भी कुछ दिन पहले तबीयत खराब हुई थी।
उसकी भी मंगलवार को मौत हो गई। वहीं सरधना के ईदगाह रोड बस्ती निवासी संदीप तोमर भी कोरोना पॉजिटिव था। मेरठ आनंद अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। गमगीन माहौल में दोनों का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार का कहना है कि छबड़िया गांव में कोविड से एक मौत हुई है। बाकी लोगों में कोरोना की पुष्टि का कोई मामला सामने नहीं आया है।

