- श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखने के दिये निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
मोरना: ‘पुलिस उप महानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर द्वारा आगामी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रताल स्थित गंगा घाट पर लगने वाले मेले के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी ने सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रताल स्थित गंगा घाट पर लगने वाले मेले को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर सुधीर कुमार सिंह द्वारा शुक्रताल पहुंचकर पुलिस व प्रशासन द्वारा गई तैयारियों का निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा गंगा स्नान के दृष्टिगत की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए घाट पर साफ-सफाई रखने, उचित प्रकाश व्यवस्था करने, जलस्तर सूचकांक पर निरंतर निगरानी रखने, सुरक्षा के लिए मुख्य स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ रखने, वाचटावर से निरंतर सतर्क निगरानी रखने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से मेला अधिकारी व प्रभारी निरीक्षक मेला को अवगत कराया, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे ।
डीआईजी द्वारा मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए लगाये गये सीसीटीवी कैमरों तथा घाट व उसके आस-पास बनाये गये डियूटी पाइंटस को भी चेक किया गया तथा सम्बन्धित को पुल पर बैरिकेडिंग करने, गौताखोरों व मेले डियूटी में लगे पुलिसबल को सतर्कता के साथ डियूटी करने, श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार रखने, किसी भी छोटी-बड़ी घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारी को देने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी भोपा श्री रामाशीष यादव, प्रभारी निरीक्षक श्री सुशील कुमार सैनी थाना भोपा सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारीध्कर्मचारीगण मौजूद रहे।

