- वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों पर किया मुकदमा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शामली शहर के मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी दिव्यांग प्रवेज अहमद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह दिव्यांग है। 19 सितंबर की शाम को करीब तीन बजे वह अपने घर में मौजूद था। तभी मोहल्ले का ही शहबाज पुत्र खुर्दीश उर्फ भंगड पुरानी रंजिश के चलते नशे की हालत में उसके घर में घुस गया और लोहे की रॉड से घर में तोड़फोड़ करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी शहबाद ने अपने दो भाइयों सुहैल व शावेज को बुला लिया और उस पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों घसीट-घसीटकर उसके साथ मारपीट की। बीच बचाव में आए पीड़ित के चाचा इकराम व भतीजे अदनान के साथ भी उन्होंने मारपीट की जिसमें हम तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उन्हें गोली मारकर हत्या की धमकी दी।
प्रवेज ने बताया कि आरोपियों ने उन पर और उनके परिवार पर कई बार हमला कर दिया। वहीं इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दिव्यांग प्रवेज की तहरीर पर तीनों नामजदों शहबाज, सुहैल व शावेज के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 323, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, 48 घंटे बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे हैं।
कोतवाली प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें जारी हैं जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

