जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जनपद स्तरीय नवप्रवर्तन प्रदर्शनी का आयोजन 16 सितम्बर 2025 को जे. वी. जैन (डिग्री) कॉलेज, प्रद्युमन नगर में किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में किसी भी आयु वर्ग के महिला-पुरुष, शिक्षक, किसी भी कक्षा के विद्यार्थी, मैकेनिक, कार मिस्त्री, राज मिस्त्री, वेल्डर, कारपेंटर, मजदूर, कृषक, दूधिया, कार मॉडिफायर, टायर पंचर का कार्य करने वाले, पेंटर अथवा प्लम्बर आदि जिन लोगों ने अपने कार्य को आसान बनाने के लिए कोई नया यंत्र अथवा जुगाड़ तैयार किया है, वे प्रतिभाग कर सकेंगे।
प्रदर्शनी में चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे, जिनमें प्रथम पुरस्कार 8,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 3,000 रुपये तथा प्रथम, द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ और पंचम सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रत्येक को 2,000 रुपये की धनराशि दी जाएगी। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में हो रहे नवाचारों को मंच प्रदान करना और स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए उपयोगी यंत्रों को बढ़ावा देना है।

