- भाकियू ने बैठक कर दिल्ली प्रस्थान के लिए विचार विमर्श कर बनाई रणनीति
जनवाणी संवाददाता |
कोतवाली देहात: भारतीय किसान यूनियन (भानू) के पदाधिकारियों की एक मीटिंग क्षेत्रीय कार्यालय कोतवाली देहात में संपन्न हुई। जिसमें मंगलवार को दिल्ली प्रस्थान के लिए विचार विमर्श कर रणनीति बनाई गई। अधिक से अधिक संख्या में किसानों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानू) के क्षेत्रीय कार्यालय पर किसानों की एक मीटिंग संपन्न हुई। मीटिंग की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चौधरी कुलबीर सिंह व संचालन नरेश प्रधान ने किया। मीटिंग को संबोधित करते हुए चौधरी कुलबीर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया कानून वापस लिया जाए तथा इस कानून को किसान विरोधी बताते हुए एतराज जताया।
उन्होंने दिल्ली कुच करने वाले किसानों को जगह-जगह रोके जाने खासतौर से दिल्ली बार्डर पर रोके जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए किसानों द्वारा लडी जा रही लड़ाई के लिए किसानों को एकजुट होकर अपनी एकता का परिचय देते हुए संघर्ष करना होगा।
चौधरी कुलबीर सिंह ने दिल्ली कुच करने का किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि मंगलवार सुबह नौ बजे कोतवाली देहात क्षेत्रीय कार्यालय से भारतीय किसान यूनियन (भानू) का एक जत्था दिल्ली के लिए रवाना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में किसानों से दिल्ली चलने के लिए अपील की।
इस मौके पर हमीदुल्लाह, मास्टर शकुर, अमरपाल सिंह, ऋषि पाल सिंह, मेराजुद्दीन, काल्लू, डा. पितांबर सिंह, चंद्रपाल सिंह, भूपेंद्र चौधरी, महेंद्र सिंह, रामकुमार, देवेंद्र, विजयपाल आदि क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

