- थानाभवन-कैराना मार्ग पर लगाए निशानों से दुकानदारों में हड़कंप
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों के द्वारा कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित सड़क के दोनों किनारों से पैमाइश करते हुए दुकानों में लाल रंग के निशान लगाए गए थे। जहां इस कार्यवाही से दुकानदारों में हड़कप मच गया। पैमाइश के दौरान बरती गई अनिमितता को लेकर दुकानदारों में रोष भी है।
बुधवार को कस्बे के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित दुकानों में पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क के किनारे से पैमाइश करते हुए लाल रंग के निशान लगाए गए थे। बताया गया कि ये निशान सड़क के मध्य भाग से ना लेकर सड़क के दोनों किनारों से नापे गए है। जिससे बस स्टैंड के व्यापारियों में रोष देखने को मिला कि सड़क के एक किनारे से तो 12 फुट पैमाइश की गई है।
दूसरी ओर, सड़क के किनारे से 24 फुट पैमाइश करते हुए दुकानों में निशान लगाए गए हैं। इन दोनों प्रकार की अनियमितता को लेकर दुकानदारों में रोष है। समाचार-पत्रों के माध्यम से बस स्टैंड के दुकानदारों ने उच्च अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
लोक निर्माण विभाग शामली के अधिशासी अभियंता रविन्द्र सिंह ने बताया कि थानाभवन से कैराना तक के सड़क चौड़ीकरण को लेकर निशान लगवाए गए थे, जिसमें कुछ खामियां हुई है। अत: यह कार्यवाही दोबारा फिर चुनाव के बाद कराई जाएगी।

