- बोर्ड बैठक में विकास कार्यों के प्रस्तावों को हरी झंडी
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: नगर पालिका बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए करोड़ों रुपयों का आय का बजट पास किया गया। बोर्ड बैठक के दौरान कश्यप भवन सहित कई प्रस्तावों को सर्वसम्मत्ति से पारित किया गया।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद के सभागार में कोविड-19 के नियमों साथ चेयरमैन हाजी वाजिद हसन की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2021-22 की बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर पालिका परिषद के वार्षिक बजट को प्रस्तुत किया गया।
पालिका की वार्षिक आय 29 करोड़ 27 लाख 23 हजार 559 रुपये तथा वार्षिक व्यय 24 करोड़ 30 लाख 54 हजार रुपये के व्यय बजट प्रस्तुत किया गया। बोर्ड बैठक में सभासद मोहिद राज, जावेद खान, दीपक सैनी, नरेश सैनी, शहजाद राणा सहित कई सभासदों ने पालिका कर्मचारियों की कारगुजारी व सभासदों की अनदेखी का आरोप लगाया।
जिस पर पालिकाध्यक्ष हाजी वाजिद हसन ने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को जमकर खींचते हुए सफाई व अपने विभागीय कार्यो को गंभीर के साथ पूरा न करने पर निलंबन की चेतावनी दी। कुछ सभासदों ने अपने वार्ड में खराब मार्ग व खराब स्ट्रीट लाईट को गंभीर के साथ दुरूस्त कराने की मांग की।

नामित सभासद तनुज कश्यप ने मोहल्ला रायजाद्गान में कश्यप भवन निर्माण, संत शिरोमणी रविदास भवन में टाइल्स सौंदर्यीकरण, सीसी मार्ग निर्माण सहित कई प्रस्तावों को पालिकाध्यक्ष के समक्ष रखा। सभासद नौशाद जंग ने रेलवे मंडी खराब पड़ी ट्यूबवैल को शीघ्र ही दुरूस्त कराकर आपूर्ति को बहाल कराने की मांग की।
पालिकाध्यक्ष हाजी वाजिद हसन ने भविष्य में ट्यूबवैल की समस्या निबटने के लिए रिजर्व में मोटरों को रखने का आश्वासन दिया। साथ ही पूर्वी यमुना छोटी नहर की पटरी के चौड़ीकरण के लिए शीघ्र एनओसी लेकर निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया।
सभासद नरेश सैनी ने नगर पालिका परिषद की संम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने, लोगों के विरूद्ध गंभीर होकर कार्रवाई की मांग की। बोर्ड बैठक के दौरान कई विकास कार्यो के प्रस्तावों व वार्षिक बजट के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी राजबली यादव ने किया। इस दौरान सभासद संजय मित्तल, इंद्रपाल, अरूण गर्ग, जमील कुरैशी, अशोक चौहान, मनीष गोयल, शहजाद, तैयब, अरविंद सहित कई सभासद व अधिकारीगण उपस्थित रहे।

