- चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने दिखाई हरी झंडी
जनवाणी ब्यूरो |
कैराना: नगर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने के लिए 15 कूड़ा कलेक्शन वाहनों को चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर पालिका परिषद कैराना ने कस्बे की साफ-सफाई को पहले से बेहतर करने के उददेश्य से ऑनलाइन जैम पोर्टल द्वारा करीब पांच माह पहले कूडा कलेक्शन के लिए 15 वाहन 93 लाख की कीमत में खरीदे थे।
इन वाहनों पर चालकों की तैनाती होने के बाद सोमवार को नगर पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने सभासदों के साथ फीता काटकर उद्घाटन उद्घाटन किया। फिर, हरी झंडी दिखाकर कूडा कलेक्शन वाहनों को नगर क्षेत्र के लिए रवाना किया।
चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर की सफाई व्यवस्था और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से उनके द्वारा ऑनलाइन 15 वाहन खरीदे गए थे। प्रत्येक वाहन में गीला कूड़ा व सुखा कूड़ा उठाने की व्यवस्था है। उन्होंने नगर वासियों से कहा कि कोई भी व्यक्ति खुले में कूड़ा ना डालें। डोर टू डोर प्रत्येक वार्ड में वाहन घूम कर सूखा कूड़ा व गीला उठाने का कार्य करेंगे। जिससे कूड़े से फैलने वाली बीमारियों से भी नगरवासियों को राहत मिलेंगी।
कूड़ा निस्तारण के लिए दो कंपैक्टर मशीनें
नगर पालिका द्वारा 10 दिन पूर्व नगर के कूड़े के निस्तारण के लिए करीब 55 लाख रुपए की कीमत की दो कंपैक्टर मशीनें भी खरीदी गई थी। दोनों मशीनों के पीछे लगे हाइड्रोलिक सिस्टम के माध्यम से कूड़े के ढेर को उठाकर मशीन कूड़े कचरे को अपने अंदर ले लेगी। उसके बाद कूड़े का सावधानीपूर्वक निस्तारण किया जाएगा।

