नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के अभिनय का लोहा न सिर्फ देश में बल्कि पूरी दुनिया में माना जाता है। सिनेमा जगत में अपने 40 साल पूरे कर चुके अनुपम खेर को हाल ही में अमेरिका के ओहियो राज्य में एक प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें और एक भावुक संदेश साझा किया है।
‘ओहियो से सम्मान मिलना बेहद शानदार अहसास’
इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा कि वह इस सम्मान को पाकर बेहद गौरवान्वित और विनम्र महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह खास सम्मान उनके चार दशकों के लंबे अभिनय सफर और कोलंबस में उनके लाइव स्टेज शो ‘जाने पहचाने अनजाने’ को मिली वैश्विक पहचान का नतीजा है। इसके साथ ही उन्होंने ओहियो के गवर्नर माइक डिवाइन और लेफ्टिनेंट गवर्नर जिम ट्रेसेल के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया है।
‘घर से इतनी दूर ऐसा स्वागत दिल को छू लेता है’
अपनी इस सफलता का श्रेय भारतीय फिल्म उद्योग और अपनी टीम को देते हुए अभिनेता ने कहा, “यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह उस भारतीय सिनेमा का है जिसने मुझे मेरी पहचान दी।” उन्होंने ‘जाने पहचाने अनजाने’ की पूरी कास्ट और क्रू की मेहनत की भी सराहना की। अनुपम खेर ने कहा कि देश से इतनी दूर इस तरह का आत्मीय स्वागत और सम्मान मिलना उनके लिए एक बेहद यादगार और दिल को छू लेने वाला अनुभव है।

