- ससुराल में हक पाने को विवाहिता के परिजन में भी धरने पर बैठे
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: ससुराल में अपना हक पाने के लिए विवाहित था धरने पर बैठ गई है बुधवार को दूसरे दिन महिला के परिजन भी धरने पर पहुंचे और टेंट लगाकर अनिश्चितकाल के लिए धरने की घोषणा कर दी जब तक महिला को उसका हक ससुराल में नहीं मिल जाता तब तक उन्होंने वहीं बैठे रहने की घोषणा कर दी। सड़क पर चूल्हा जला कर खाना बनाया गया।
गाजियाबाद निवासी एक युवती का विवाह दो वर्ष पूर्व कंकरखेड़ा स्थित एक कॉलोनी निवासी बैंक कर्मी से हुआ था। विवाहिता के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने दहेज में घर का काफी सामान व वरना गाड़ी दी थी। इसके बावजूद विवाहिता के ससुरालजन अब 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर लगभग एक माह पूर्व विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। जिस पर मायके वाले विवाहिता को अपने घर गाजियाबाद ले गए थे। लगभग तीन सप्ताह पूर्व बैंक कर्मी पति ने लिखित में समझौता किया था कि वह विवाहिता को अपने घर वापस ले जाएगा।

मगर समय बीत जाने के बाद भी जब पति लेने नहीं आया तो विवाहिता खुद ही अपनी ससुराल पहुंच गई। जिस पर मंगलवार की सुबह से लेकर देर बुधवार की रात तक ससुराल वालों ने दरवाजा नहीं खोला तो विवाहिता घर के बाहर ही बैठी रही। विवाहिता ने अपनी मदद के लिए पुलिस कंट्रोल रूम फोन मिलाया। जिस पर पुलिस पहुंची। मगर उल्टे पुलिस ने विवाहिता को घर के अंदर जाने से रोक दिया। बुधवार को महिला के परिजन भी पहुंच गए और अनिश्चितकाल के लिए धरने पर बैठ गए।

