- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शामिल हुए नगर के तमाम लोग
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 28 जोड़ों का विवाह कराया गया, जिसमें 24 हिंदू व 4 मुस्लिम जोड़ें वैवाहिक दांपत्य सूत्र में बंधे। इस मौके पर मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख अवधेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से समाज में एक नई जागृति उत्पन्न होती है और लोगों में सामाजिक कुरीतियों से भी दूर रहने की प्रेरणा मिलती है। एसडीएम परमानन्द झा ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की विस्तार से जानकारी दी।

सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के चार साल के विकास कार्यक्रम के अंतर्गत खंड विकास की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन हुआ। जिसमें 24 हिंदू जोड़ों की शादी गायत्री शक्तिपीठ के व्यवस्थापक डॉ दीपक कुमार ने वेद मंत्रोच्चारण के द्वारा करा कर विवाह सूत्र में बांधने के संस्कार कराए। वहीं चार मुस्लिम जोड़ों का निकाह मोहनपुर के काजी निसार अहमद द्वारा कराया गया।
इस मौके पर भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह ने भी नव दंपतियों को अपनी शुभकामनाएं दी । कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख अवधेश कुमार ,राजेंद्र सिंह , रोहताश सिंह के द्वारा नव दंपत्ति की गोद भराई का कार्यक्रम भी किया गया। इस मौके पर सभी वैवाहिक दांपत्य सूत्र में बंधने वाले जोड़ो को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में एसडीएम परमानंद झा, तहसीलदार राधेश्याम शर्मा भी मौजूद रहे।

