- सहायक निर्वाचन अधिकारी पर्चा निरस्त करने की मांग
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: ऊन ब्लॉक क्षेत्र के गांव सापला में प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले व्यक्ति के वोट थानाभवन व अन्य जगह भी बने हुए हैं। इस पर एक ग्रामीण ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को शिकायत कर नामांकन पत्र निरस्त किए जाने की मांग की है।
गांव सापला में प्रधान पद के लिए शिवदत्त पुत्र बृजपाल तथा सविता पत्नी शिवदत्त ने प्रधान पद के लिए नामांकन कर रखा है। गांव सांपला के ही चैतन्य पुत्र रामफल का आरोप है कि उक्त दोनों प्रत्याशी गांव में निवास नहीं करते हैं तथा उनके वोट थानाभवन नगर पंचायत के अलावा हरिद्वार की भगवानपुर नगर पंचायत में भी बने हैं। पूर्व में भी उक्त प्रकरण की शिकायत निर्वाचन आयोग, जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी से की जा चुकी है जिसके बाद दोनों व्यक्तियों के वोट काट दिए गए थे लेकिन बाद में अधिकारियों से सांठगांठ कर गलत तथ्यों के आधार पर वोट बनवा दी गई।
इस संबंध में चैतन्य कुमार ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को शिकायत कर उक्त दोनों प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त करने की मांग की है। सहायक निर्वाचन अधिकारी न्याय पंचायत हथछोया डीएन पांडे ने बताया कि शिकायत मिली है। दोनों पक्षों से साक्ष्य मांगे गए हैं तथा रिपोर्ट निर्वाचन अधिकारी को भेजी गई है।
बता दें, गांव सापला की मतदाता सूची में भारी धांधली उजागर हुई थी जिलाधिकारी द्वारा जांच के आदेश के बाद धांधली उजागर होने पर बीएलओ व सुपरवाइजर द्वारा अज्ञात व्यक्ति द्वारा मतदाता सूची में बीएलओ, सुपरवाइजर के फर्जी हस्ताक्षर करके हस्तलिखित विलोपन सूची, परिवर्धन सूची, संशोधन सूची बनाकर विकास खंड कार्यालय में जमा करा दी गई थी।
इन सूचियों की छपाई कर अंतिम प्रकाशन भी कर दिया गया जिसके बाद बीएलओ, सुपरवाइजर ने पुलिस को शिकायत कर मामला दर्ज कराया। उक्त प्रकरण में भी पुलिस जांच कर रही है। अब देखना है कि उक्त प्रकरण में पुलिस व प्रशासन क्या कार्रवाई करता है।

