- शामली की अपना मार्किट में शटर उखाड़कर हुई चोरी
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान के शटर उखाड़कर चोरों ने हजारों की नगदी समेत नए-पुराने मोबाइल, कम्प्यूटर समेत कीमती सामान चोरी कर लिया। सुबह दुकान खुलने पर चोरी की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और छानबीन की। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शामली शहर की अपना मार्किट नाला पटरी में शहर के मोहल्ला काजीवाडा निवासी फारूख की मोबाइल गैलरी के नाम से रिपेयरिंग की दुकान है। इस दुकान में नए फोन की बिक्री के साथ रिपेयरिंग का काम भी किया जाता है। शुक्रवार की रात को फारूख अपनी दुकान बंद कर घर गया था लेकिन शनिवार की सेवेर जब दुकान पर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। दुकान का शटर उखड़ा पडा था।
पीड़ित दुकानदान ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस वहां पहुंची और घटना की जानकारी की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली और जल्द घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। पीडित दुकानदार फारूख ने बताया कि चोरों ने उसकी दुकान से 13 हजार रुपये की नकदी, 16 नए व पुराने फोन, कम्प्यूटर, सीपीयू, एलसीडी, स्पीकर, मोबाइल कंवर आदि सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

