- बनत के देवी उमराकौर वैदिक इंटर कॉलेज में भी हुआ शुभारंभ
जनवाणी संवाददाता |
शामली: उत्तर प्रदेश योग एसोसिएशन द्वारा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों की आनलाइन क्षेत्रीय योगासन खेल प्रतियोगिता का गुरुवार को कस्बा बनत स्थित देवी उमराकौर वैदिक इंटर कॉलेज में भी शुभारंभ किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने आनलाइन अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता 29 अक्तूबर से 2 नवम्बर तक जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश योग एसोसिएशन द्वारा गुरुवार को द्वितीय वेस्टर्न जोन सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर योगासन खेल प्रतियोगिता का आनलाइन शुभारंभ किया गया। उक्त प्रतियोगिता केशव धाम वृंदावन मथुरा से आॅनलाइन ही संचालित होगी। जिसका शुभारंभ कस्बा बनत स्थित देवी उमरा कौर वैदिक इंटर कालेज में भी किया गया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य व उप्र योग एसोसियेशन के अध्यक्ष डा. देवेंद्र पाल राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कुछ छात्रों ने कॉलेज प्रांगण से जबकि कुछ छात्र-छात्राओं ने अपने घरों से ही आनलाइन अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 29 अक्तूबर से 2 नवम्बर तक चलेगी। जिसमें प्रतिदिन छात्र-छात्राएं एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी योगासन को लेकर अपने-अपने विचार व्यक्त करेंगे। उन्होंने कहा कि योग हमारे जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि कई गंभीर बीमारियों को भी ठीक किया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से भी योग को अपने जीवन में अपनाने पर बल दिया। एसोसिएशन की सचिव कोमल धीमान ने कहा कि युवाओं को भी योग का प्रशिक्षण अवश्य लेना चाहिए और अपने अभिभावको व अन्य लोगों को भी योग से होने वाले फायदों से अवगत कराना चाहिए। योग को अपने जीवन में नियमित करें ताकि शरीर व मस्तिष्क दोनों स्वस्थ रहें।
इस दौरान एसोसिएशन के चेयरमैन इंजीनियर राम औतार तायल, मनोज विश्नोई, राजसिंह पुंडीर, आयुष द्विवेदी, अर्जुन गोस्वामी, कोमल धीमान, पूजा धीमान, ज्योति शर्मा, प्रियंका विश्वकर्मा, संदीप कुमार, सूरज चौधरी आदि भी मौजूद रहे।

