जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में बने गन्ना क्रय केंद्रों से गन्ना भरकर शहर में बनी शुगर मिल में ला रहे ओवरलोड वाहन इन दिनों आम आदमी की मुसीबत का कारण बने हुए हैं और यमदूत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ऐसा नहीं है कि प्रशासन को इनके बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन प्रशासन सब कुछ जानकर अंजान बना हुआ है।
अभी पिछले नवम्बर माह में यातायात माह चलाया गया और पूरे जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से ढाई करोड़ रुपये का जुमार्ना वसूला गया, लेकिन ओवरलोड गन्ना वाहनों को अभयदान दिया गया। राहगीरों का कहना है कि गन्ने से भरे इन ओवरलोड वाहनों से हादसों का अंदेशा हर समय बना रहता है, लेकिन कोई भी इनकी तरफ ध्यान नहीं देता है और जब कोई हादसा घटित हो जाता है तो मामले को दबाने का प्रयास किया जाता है।

