- कार का टायर फटने से हुआ हादसा
जनवाणी संवाददाता |
हल्दौर: नहटौर-हल्दौर मार्ग पर स्थित ग्राम कुंडा के निकट कार का टायर फटने से अनियऋित हुई कार के पलटने पर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक का शव बिना कानूनी कार्यवाही के अपने साथ ले गए।
नगर के मोहल्ला खेड़ा निवासी डा. खुर्शीद अहमद के छोटे भाई जाहिद पुत्र अल्लाहदिया अंजुम पिछले काफी वर्षो से दिल्ली में रहकर अपना कारोबार कर रहे थे। जाहिद हल्दौर में पड़ी अपनी जमीन पर मार्केट बनवाने के लिये आए थे। परिजनों के अनुसार सोमवार की रात जब जाहिद अपनी कार से नहटौर से हल्दौर आ रहे थे तब थाना क्षेत्र ग्राम कुंडा के नजदीक उनकी कार का टायर फट गया।
जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क के साइड में पलट गई। दुर्घटना में कार चला रहे जाहिद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तनवीर पुत्र नफीस निवासी मोहल्ला खेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। जबकि मृतक के परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के जाहिद के शव को अपने साथ ले गए।

