जनवाणी ब्यूरो |
शामली: सहारनपुर मंडल के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डा. विनोद कुमार ने बुधवार को ग्राम मालैडी एवं ग्राम जलालपुर में दस्तक अभियान के अन्तर्गत भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामों में जागरूकता के लिए लगाए गए संचारी रोग के बैनर, पोस्टर एवं पम्पलेट्स को चेक किया।
साथ ही, समस्त विभागो का माईक्रोप्लान एवं साप्ताहिक रिपोर्ट का निरीक्षण किया। संयुक्त आयुक्त ने जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनय कुमार को अपना-अपना कार्य ससमय एवं लक्ष्य के सापेक्ष करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 10 विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा प्रति सप्ताह 2 निरीक्षण किया जाना जरूरी है। इसके अलावा ब्लॉक नोडल अधिकारी और एसीएमओ द्वारा प्रति सप्ताह 2 निरीक्षण किया जाना जरूरी है।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनय कुमार, वीबीडी कन्सलटेन्ट राजेश कुमारी, एचएस कृष्ण कुमार एचएस, मलेरिया निरीक्षक सुबोध गौतम, एलए अवधेश वाडकर आदि अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डा. विनोद कुमार ने बताया कि संचारी रोग नियन्त्रण अभियान/ दस्तक अभियान में 885 आशाओं द्वारा लगभग 2,47,800 घर-घर भ्रमण कर बुखार रोगी, टीबी रोगी, क्षय रोगी, कोविड रोगी, जेई/एईएस एवं कुपोषित बच्चों की ट्रैकिंग कर रोगी को समुचित उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र या प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जाने के लिए प्रेरित करेगी।

