जनवाणी संवाददाता |
कैराना: मानसून आने के बाद पिछले दो दिनो से मैदानी इलाको में हो रही बारिश व पहाडी इलाको में बारिश के कारण ताजो वाला बांध पर पानी का दबाव बढने के कारण यमुना में छोडे गये 42 हजार 835 क्यूसेक पानी के कारण बुधवार शाम 4 बजे यमुना का जल स्तर सवा 2 मीटर बढ़कर 229.6 मीटर को पार कर गया। इससे एक दिन पहले यमुना 227.4 मीटर पर बह रही थी।
यमुना का चेतावनी बिन्दु 230 मीटर व खतरे का निशान 231 मीटर पर हैं। जिसके चलते बाढ़ चौकियो का अलर्ट कर दिया गया हैं। साथ ही हलका लेखपालों को यमुना के बढ़ते जल स्तर पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यमुना पुल पर तैनात केन्द्रीय जल आयोग के कुशल कार्य सहायक अजय पाल ने बताया कि बुधवार को यमुना का जलस्तर सवा 2 मीटर बढ़कर 229.6 मीटर हो गया हैं।
उधर बुधवार को हरियाणा के ताजो वाला बांध पर पानी का दबाव कम होने के चलते प्रशासन ने राहत की सांस ली। मंगलवार को सुबह 11 बजे यमुना में जहां 42 हजार 835 क्यूसेक पानी प्रति सैकेंड छोड़ा गया था। वहीं बुधवार को ताजो वाला बांध पर पानी का दबाव कम होने के कारण बुधवार अपराहन 3 बजे ताजो वाला बांध से यमुना में 4 हजार 65 क्यूसेक पानी ही छोडा गया।
जिससे यमुना का जल स्तर अभी शांत रहने की संभावना हैं। मामले में तहसीलदार राजकुमार ने बताया कि यमुना का जल स्तर बढने के कारण तहसील क्षेत्र की चारों बाढ़ चौकियो को अलर्ट कर दिया गया हैं। साथ ही हलका लेखपालों को हर समय यमुना पर नजर रखने को कहा गया हैं।

