- व्यापारी नेता घनश्याम दास गर्ग ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग के नेतृत्व में शामली कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी जसजीत कौर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
व्यापारी संगठन के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने ज्ञापन में सभी जिलों के साथ-साथ शामली जनपद में भी 31 मई से सभी जूते, कपड़े, रेडीमेड, बर्तन, बिजली, इलैक्ट्रोनिक्स, हलवाई, पेंट्स व मोबाइल आदि की दुकानें खोले जाने की अनुमति दिए जाने की मांग की।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में लगे 4 माह के लॉकडाउन के बाद कोरोना की दूसरी लहर में भी करीब 30 दिन के लॉकडाउन लगने से व्यापारी की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है, व्यापारी टूट गया है। व्यापारी पर बिजली का बिल, जीएसटी टैक्स, इनकम टैक्स, बैंकों की ईएमआई तथा दुकानों के कर्मचारियों का वेतन व दुकानों का किराया आदि का दबाव बढ़ता जा रहा है।
व्यापारी के साथ-साथ उसकी दुकानों पर काम करने वाले लाखों कर्मचारी के सामने भी आर्थिक संकट पैदा हो गया है। अत: अब लॉकडाउन कर्फ्यू हटा कर बाजार खोले जाने की अनुमति दी जाए। इसके अलावा ज्ञापन में कोरोना संक्रमण से मृत व्यापारियों के परिजनों को जो जीएसटी में पंजीकृत हैं को 10 लाख का तथा जो जीएसटी में पंजीकृत ना होकर अन्य किसी विभाग जैसे श्रम विभाग या खाद्य विभाग में कहीं भी पंजीकृत हैं।
कोरोना संक्रमण से मृत उनके जनों को 5 लाख का बीमा राशि दिया जाए ताकि उसके परिजन अपना जीवन यापन कर सकें। प्रतिनिधि मंडल में नगराध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, नगर महामंत्री रवि सगल, नगर कोषाध्यक्ष महेश धीमान उपस्थित रहे।

