जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली की हवा लगातार बिगड़ती चली जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता लगातार तीसरे दिन गंभीर श्रेणी में बनी हुई है।
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 432 पर बना हुआ है। गाजियाबाद देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा। एक दिन पहले यह देश के प्रदूषित शहरों में पहले नंबर पर था।
रविवार को हरियाणा के जींद को खतरनाक हवा के साथ देश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। सफर इंडिया के मुताबिक अभी दो दिन राहत के आसार नहीं हैं।
एनसीआर के फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण की स्थिति में मामूली सुधार के बाद यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है। हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ से लेकर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रहेगी।
दिल्ली में प्रदूषण का 48 प्रतिशत पराली के कारण
सफर के मुताबिक, रविवार को पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की 4,189 घटना दर्ज की गईं। दिल्ली के प्रदूषण में इसका हिस्सा 48 फीसदी रहा। इस सीजन में पराली से प्रदूषण का यह सबसे अधिक हिस्सा है।
सफर का कहना है कि उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलने वाली तेज हवाओं के कारण पराली का धुआं तेजी से दिल्ली की हवा में घुलकर इसे जहरीला बना रहा है।

