- ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शपथ पत्र दे की जांच की मांग
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र के साथ दर्जनों शपथ पत्र देते हुए ग्राम प्रधानपति पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए है। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार को गांव इस्लामपुर घसौली के दर्जनों ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय पर अपने शपथ पत्रों के साथ पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप था कि ग्राम प्रधान आयशा के पति उमरनवाज द्वारा गांव में सरकारी भूमियों पर अवैध कब्जे किए जा रहे है।
गांव के खसरा नंबर 225 में खाद के गड्डे थे। जिस पर प्रधानपति के द्वारा कब्जे करके खेती करनी शुरू कर दी है। वहीं खसरा नंबर 9 मीटर सडक के स्थान पर मात्र 2.5 मीटर सड़क बची हुई है बाकी सड़क पर ग्राम प्रधान ने कब्जा कर लिया है। जबकि गांव के खसरा नंबर 369 जो कि सरकारी अस्पताल की भूमि है, जो कि ग्राम प्रधान ने अपना कब्जा करके उस पर अपना सचिवालय बनाने के साथ अन्य जगह पर भी कब्जा कर लिया है, जबकि गांव में सचिवालय पहले से भी मौजूद था।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधानपति के द्वारा पूर्व में जिन लोगों के शौचालयों का निर्माण कराया गया था, वर्तमान में एक बार फिर उन्हीं लोगों के शौचालय पास करा दिए है तथा उनसे 12000 रुपये में से 6000 रुपये खुद ले लिए है। दर्जनों ग्रामीणों ने आरोपों के साथ अपने शिकायती पत्र देते हुए कार्यवाही की मांग की है। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को मामले में जांच कराकर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

