जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को कर्नाटक के दौरे पर हैं। उन्होंने मांड्या जिले में स्थित श्री क्षेत्र आदिचुंचनगिरि में श्री गुरु भैरवैक्य मंदिर का उद्घाटन किया। यह मंदिर श्री बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी की स्मृति में बनाया गया है, जो श्री आदिचुंचनगिरि मठ के 71वें पीठाधीश्वर थे। मंदिर पारंपरिक द्रविड़ शैली में बना है और इसे महास्वामीजी की जीवन यात्रा और समाज सेवा के सम्मान में देखा जा रहा है। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने वहां उपस्थित जनसभा को भी संबोधित किया।
पीएम मोदी ने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवे गौड़ा के साथ मिलकर “सौंदर्य लहरी” और “शिव महिम्ना स्तोत्रम्” नाम की पुस्तकों का विमोचन भी किया। बालगंगाधरनाथ महास्वामीजी समाज सेवा के लिए सम्मानित थे और उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई संस्थान स्थापित किए।
दिल्ली-देहरादून 6-लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
इससे पहले मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली से देहरादून तक बने 6-लेन एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 213 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे यात्रा के समय को 5-6 घंटे से घटाकर लगभग 2-2.5 घंटे कर देगा। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे शहरों को जोड़ते हुए देहरादून तक जाता है और देश के बड़े हाईवे नेटवर्क से भी जुड़ता है।

