जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: कावड़ मार्ग गंगनहर पटरी पर शनिवार की अल सुबह लगभग 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क हादसा रोहटा थाना क्षेत्र के तहत कांवड़ मार्ग पटरी पर जटपुरा गांव के पास हुआ। बताया गया कि बागपत के पुराने कस्बा निवासी मोनू दोस्त दिनेश व चचेरा भाई हिमांशु बाइक पर सवार होकर तीनों गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे।
बताया गया कि जब वह कांवड़ मार्ग गंग नहर पटरी पर रोहटा थाना क्षेत्र के पास जटपुरा के पास पहुंचे तो सरियों से भरे ट्रक की चपेट में आ गए। जिससे दो दोस्तों मोनू व दिनेश की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीसरा हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिवार वालों को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार वाले भी मोर्चरी पहुंच गए थे। पुलिस ने हादसा करने वाले ट्रक को जप्त कर कब्जे में ले लिया है।

