- वन रेंज की टीम व पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: क्षेत्र के कांधला मार्ग पर गांव परासौली के पास से देर रात को उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी दो युवक पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम के हत्थे चढ़ गए। बाइक सवार उन युवकों के पास से टीम को हिरन के सींग मिले हें। टीम ने सींग व बाइक कब्जे में ले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
एसएसआई लेखराज सिंह ने बताया कि सूचना पर परासौली चैकी क्षेत्र में एसआई शैलेन्द्र सिंह व वन विभाग के दरोगा नेत्रपाल सिंह के नेतृत्व में दो टीम बनाकर गश्त की जा रही थी। बुधवार की देर रात्रि बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देख युवको ने बाइक छोड़ खेतों की ओर दौड़ लगा दी। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों युवकों को दबोच लिया।
उनके पास से टीम ने हिरन की सींग बरामद किए है। पूछताछ में पकड़े गए दोनों तस्करों ने अपने नाम सागर पुत्र ओमपाल और शुभम पुत्र जोगेन्द्र सिंह निवासीगण गांव गोवर्धनपुर थाना खानपुर जनपद हरिद्वार उत्तराखण्ड बताया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से हिरन का प्रतिबंधित सींग बेचने के लिए जा रहे थे। वन रेंज के दरोगा नेत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों से बरामद सींग हॉक प्रजाति के हिरण के है। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों युवकों का वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धाराओं में चालान कर दिया।

