जनवाणी संवाददाता |
रामपुर मनिहारान: कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मजार की सेवा करने वाले वृद्ध की अज्ञात लोगों ने हत्या कर सनसनी फैला दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की तहरीर मृतक के भाई के दामाद ने कोतवाली में देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना क्षेत्र के गांव इस्लामनगर में हुई। बीती रात किसी समय मजार पर रहने वाले गफ्फूर (70) पुत्र मंगत धोबी की अज्ञात व्यक्तियों ने रस्सी से गला घोट कर ईंट-पत्थर से पीटकर हत्या कर दी। गफ्फूर की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर सीओ अरविंद पुंडीर, कोतवाली प्रभारी विशाल श्रीवास्तव, चौकी इंचार्ज आजाद सिंह व फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है मृतक पिछले 30 वर्षों से बड़ वाले पीर की सेवा कर रहा था। उधर घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई के दामाद शहीद पुत्र अनवर निवासी इस्लामनगर ने घटना की तहरीर देकर बताया कि उसके ससुर के भाई गफूर पुत्र मंगत करीब 30 वर्षों से मजार पर रहकर खिदमत करते रहे हैं और यहीं मजार पर ही एक झोपड़ी में रहते थे। मंगलवार सुबह जब उनका फोन नहीं आया तो अपनी पत्नी नूरजहाँ को उन्हें देखने को भेजा। कुछ समय बाद नूरजहाँ ने उसे बताया कि चाचा गफूर के सिर में चोट लगी है और उनके गले में चारपाई की रस्सी बंधी हुई है।
किसी ने चाचा की ह्त्या कर दी है। सुनते ही वह घटना स्थल की ओर दौड़ पड़ा जाकर देखा कि चाचा गफूर झोपड़ी में मृत पड़ा था। पीड़ित ने तहरीर में घटना की जाँच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

