जनवाणी संवाददाता |
बुढ़ाना: कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना तथा भनवाडा गांव में मंगलवार को किसानों की पंचायत का आयोजन हुआ। पंचायत में सभी वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर किसानों व गरीबों का शोषण करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि नए कृषि कानून किसान को बर्बाद करने के लिए बनाए गए हैं। नौ महीने से किसान गाजीपुर बॉर्डर धरने पर बैठे हुए हैं। सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है।
भाकियू के पूर्व तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान ने कहा कि किसान संगठनों के आहवान पर आयोजित महापंचायत देश के किसानों की एकता को प्रदर्शित करेगी। संजीव पंवार ने कहा कि अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचकर हमे संगठन की एकता को दिखाना है। इस मौके पर रणवीर सिंह, विकास त्यागी, वीर सिंह, फैज मौहम्मद, सत्यप्रकाश शर्मा व अनिल आदि मौजूद रहे।

