नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े फिल्म के लिए सकारात्मक संकेत दे रहे हैं।
एडवांस बुकिंग में अच्छी शुरुआत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओपनिंग डे के लिए अब तक करीब 57,000 टिकटों की बिक्री हो चुकी है। यह आंकड़ा दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी को दिखाता है और फिल्म के लिए मजबूत ओपनिंग का संकेत माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, फिल्म ने बिना ब्लॉक सीट्स के लगभग 1.97 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग कर ली है। वहीं ब्लॉक सीट्स को जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 3.67 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। रिलीज से पहले अभी एक दिन बाकी है, ऐसे में उम्मीद है कि कमाई का यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
रिलीज से पहले बढ़ी रफ्तार
शुरुआत में एडवांस बुकिंग की रफ्तार थोड़ी धीमी थी, क्योंकि टिकट बिक्री रविवार से शुरू हुई थी। लेकिन जैसे-जैसे रिलीज की तारीख नजदीक आई, बुकिंग में तेजी देखने को मिली। हालांकि यह साल की सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग नहीं है, लेकिन फिल्म ने एक संतुलित और सकारात्मक शुरुआत जरूर की है।
बॉक्स ऑफिस पर आसान रास्ता
फिल्म के लिए राहत की बात यह है कि 19 जून को इसके सामने कोई बड़ी नई रिलीज नहीं है। पिछले हफ्ते रिलीज हुई कुछ फिल्मों जैसे ‘मैं वापस आऊंगा’ और ‘भारत भाग्य विधाता’ का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा है, जिससे ‘कॉकटेल 2’ को फायदा मिल सकता है।
इसके अलावा ‘हॉन्टेड 3डी’ भी बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा असर नहीं छोड़ पाई है। ऐसे में ‘कॉकटेल 2’ के पास दर्शकों को आकर्षित करने और मजबूत ओपनिंग दर्ज करने का अच्छा मौका माना जा रहा है।

