जनवाणी संवाददाता |
शामली: वाणिज्य कर अफसरों को जीएसटी चोरी के मामले में कटघर में खड़े करने वाले विकास उपाध्याय और उसका भाई कमल उपाध्याय गैंगस्टर निकले। शामली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चतुर्वेदी ने पुलिस टीम के साथ रविवार की रात्रि करीब 2:20 बजे गैंग लीडर कमल उपाध्याय और उसके भाई विकास उपाध्याय पुत्र पदम सिंह निवासी हनुमान रोड, शामली को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कमल उपाध्याय और विकास उपाध्याय के खिलाफ सुसंगठित गैंग बनाकर अवैध तरीके से धन अर्जित करने तथा रंगदारी मांगने के आरोप में उप्र गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत शामली कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पुलिस का आरोप है कि दोनों भाइयों द्वारा किए जा रहे अपराध के कारण उनका जनता में आतंक व्याप्त है जिसके विरुद्ध कोई व्यक्ति उनके खिलाफ गवाही देने और रिपोर्ट लिखाने के लिए साहस नहीं करता है।

