- एडीजी जोन ने 1632 बदमाशों को किया चिह्नित होगी गुंडा ऐक्ट की कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में किसी भी तरह की हिंसा और बवाल से बचने के लिये पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करने का मन बना लिया है। एडीजी जोन के निर्देश पर तीन जनपदोंं में 1632 बवाली लोग चिन्हित किये गए हैं। ऐसे लोगों का रिकार्ड खराब बताया जा रहा है जो पूर्व में हिंसा आदि में शमिल भी रह चुके हैं।
त्रिस्तरीय चुनाव के दौरान होने वाले खूनखराबे को लेकर जोन की पुलिस अलर्ट हो गई है। वहीं चुनाव में संभावित प्रत्याशी भी अपनी-अपनी दावेदारी ठोकने लगे है। ऐसे में एडीजी जोन राजीव सभरवाल ने त्रिस्तरीय चुनाव हो लेकर जोन में किसी तरह का खूनखराबा न हो, इसके लिए बवाली लोगों को चिन्ह्ति करने का एडीजी ने जोन के सभी कप्तानों को निर्देश दिए थे।
ताकि जिन लोगों का रिकॉर्ड खराब है, उनके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जा सकें। जिसके चलते मेरठ में 518, बागपत में 632 व मुजफ्फरनगर में 482 बवालियों को चिन्ह्ति किया गया है। यह वह लोग है, जिनके खिलाफ पहले भी मुचलका पाबंद की कार्रवाई होती रही है।
इसमें प्रधान व पूर्व प्रधान भी शामिल किए गए है। हालांकि मेरठ जनपद में यह कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। अब पुलिस द्वारा संभावित प्रत्याशियों पर भी मुचलके पाबंद की कार्रवाई थाना स्तर पर कराएं जाने की तैयारी की जा रही है।
आईजी के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाकर लोगों से मांगे पैसे
आईजी जोन प्रवीण त्रिपाठी के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाकर मैसेंजर के माध्यम से कुछ लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। यही नहीं पैसे मांगने के लिए पेटीएम नंबर भी जारी किया गया और कई लोगों से संपर्क कर पैसे मांगने का प्रयास किया गया।
आईजी के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाने की जानकारी प्राप्त होने पर शहर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो अधिकृत रूप से आईजी जोन के नाम से कोई एकाउंट नहीं बनाया गया। इसके बाद जांच में पाया गया कि इस एकाउंट का संचालन हरियाणा राज्य के होडल जनपद से किया जा रहा है।
साथ ही पेटीएम धारक का पता जनपद बुलंदशहर व राय बरेली होना पाया गया। जिसके बाद सर्विलांस सेल ने फर्जी एकाउंट को बंद कराकर सिविल लाइन थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।

