- एनएच-709एडी पर पानीपत के शमशाबाद में टोल प्लाजा
जनवाणी संवददाता |
कैराना: पानीपत के सिवाह से नगीना तक नेशनल हाईवे 709 एडी तैयार हो गया है। वहीं पानीपत हाइवे पर सनौली के पास एनएचएआई द्वारा शमशाबाद टोल प्लाजा बनाया गया है। जिससे होकर जाने के लिए 3 लेन फास्ट टैग की तथा एक कैश लेन बनाई गई है। इसी तरह हरियाणा राज्य से उत्तर प्रदेश में आने के लिए भी कुल 4 लेन बनाई गई है। बुधवार एक फरवरी की सुबह 8 बजे से टोल प्लाजा शुरू हो जाएगा। जहां से सभी तरह के बड़े वाहनों से टोल टैक्स वसूलना शुरू हो जाएगा।
कार के लिए एक तरफ का टोल 70 रुपये व वापसी का 100 रुपये, हल्के वाणिज्य वाहनों का एक तरफ का टोल 110 रुपये व वापसी का टोल 165 रुपये, बस व ट्रक एक तरफ का 230 रुपये व वापसी का 345 रुपये का टोल टैक्स निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अन्य भारी वाहनों पर एक तरफ का 250, 360 व 440 तथा दोनों तरफ का टोल 380, 545 व 660 रुपये निर्धारित किया गया है।
वहीं आसपास रहने वाले ऐसे वाहन स्वामी जो प्रतिदिन अपने काम से अपडाउन करते हैं, वो अपने वाहन की आरसी दिखा कर 315 रुपये प्रति माह के हिसाब से अपना पास भी बनवा सकते हैं।

