- विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या हुआ आयोजन
जनवाणी संवाददाता |
मोरना: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रांगण में नेहरू युवा केंद्र के स्वयं सेवकों ने वन विभाग के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर पौधारोपण किया। इस दौरान स्वयं सेवकों ने वाटसएप ग्रुप के माध्यम से कोरोना महामारी में आक्सीजन की जरूरत को देखते हुए लोगों से आक्सीजनयुक्त पौधे लगाने की अपील की।
जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा के निर्देशन में ग्राम सुधार सेवा समिति के अध्यक्ष मा. ऋषिपाल सिंह, राष्ट्रीय युवा स्वयं सेविका प्रीति पाल, स्वीटी उपाध्याय, वर्षा सिंह, प्रिया पाल, ईशिका सिंह, दीक्षा आदि स्वयं सेवकों ने पीएचसी के प्रांगण में नीम, महुआ, बरगद के पौधे लगाए।
कार्यक्रम में ग्राम सुधार सेवा समिति के अध्यक्ष मा. ऋषिपाल सिंह ने कहा कि पेड़-पौधों के बिना जीवन का अस्तित्व नहीं है। प्रदूषित वायुमंडल को शुद्ध कर निरोगी बनाने में पेड़-पौधों की अहम भूमिका है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अर्जुन सिंह ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए जन जन अपने घरों के आस-पास पेड़-पौधों के सरंक्षण का संकल्प लें।
वन विभाग के वन दरोगा शबी हैदर ने कहा कि नीम, पीपल, बरगद, पाकड़, गुलर व तुलसी आदि पौधे आॅक्सीजन देने वाले है। इसके अलावा घरों एवं बेडरूम में मनी प्लांट पीस लिली, सिफोटिया पाम, स्पाइडर, एरिका प्लांट लगा सकते है। इस दौरान वन रक्षक अमित कुमार, नरेंद्र कुमार, अजय सक्सेना आदि मौजूद रहे।

