जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: क्षेत्र के गांव महलका में हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने बाइक सवार एक राहगीर पर फायरिंग कर दी। वह बाल-बाल बच गया। पीड़ित ने हिस्ट्रीशीटर खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है।
घटना के संबंध में पीड़ित फिरदोस पुत्र अब्दुल बारी निवासी गांव नंगला हरेरू ने बताया कि वह गुरुवार को शाम करीब 4 बजे सरसवा से अपने घर हरेरू लौट रहा था।
महलका में बाग के पास मौजूद हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए उस पर गोली चला दी। वह गांव की ओर दौड़ पड़ा। पीड़ित ने घटना की सूचना महलका पुलिस चौकी पर दी तो आरोप है कि वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ अभद्रता करते हुए पीड़ित को चौकी से भगा दिया।
पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दी। पीआरवी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित ने थाने पहुंचकर नामजद तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने जान से मारने के इरादे से पांच राउंड फायर किए। आरोपी के खिलाफ कई अपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज बताए गए हैं। थाना प्रभारी शिववीर भदोरिया ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

