- युवक नौकरी की तलाश में बाइक पर सवार होकर जा रहा था दिल्ली
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: नेशनल हाइवे पर सड़क हादसे में एक युवक की मंगलवार शाम दर्दनाक मौत हो गई। युवक बाइक पर सवार होकर नौकरी की तलाश में दिल्ली जा रहा था, लेकिन सामने से गलत दिशा में आ रही स्कूटी सवार को बचाने में युवक डिवाइडर से टकरा गया और हादसे में युवक का सिर डिवाइडर से टक्कर होने पर गंभीर रूप से घायल हो गया।
उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भिजवाया। हादसे के बाद घर में कोहराम मचा है।
खिर्वा नौआबाद (नया गांव) गांव निवासी सूरज (22) पुत्र विजय मंगलवार दोपहर बाद करीब चार बजे बाइक पर सवार होकर नौकरी की तलाश में दिल्ली की तरफ जा रहा था। जब वह नेशनल हाइवे पर कैलाशी हॉस्पिटल के पास पहुंचा तो सामने से गलत दिशा में आ रही स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में डिवाइडर से टकरा गया हादसे में सूरज के सिर में अधिक चोट लग गई थी। लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
एक वर्ष पूर्व हुआ था विवाह
नयागांव निवासी भीमा ने बताया कि सूरज के युवा एक वर्ष पहले ही हुआ था। उसकी पत्नी गर्भवती है और एक-दो दिन में ही बच्चा होने वाला था। इस हादसे के बाद घर परिवार में कोहराम मच गया है। बताया गया कि सूरज चार बहनों में इकलौता भाई था। इस हादसे को सुनकर उसके दोस्तों में भी शोक की लहर है।
विपरीत दिशा में वाहन चलने से हो रहे हादसे
नेशनल हाइवे पर आए दिन विपरीत दिशा में चलने के कारण बड़े हादसे हो रहे हैं। कई बार अकाल ही मौत का कारण बन जाता है। सूरज सही दिशा में जा रहा था। जबकि सामने से गलत दिशा में आ रही स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में यह हादसा हो गया। परिवार में कोहराम मच गया। सूरज की मौत से परिवार गमजदा है, लेकिन गलत दिशा में चलने वालों के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

