- बेडरूम में गला कटा हुआ खून से लथपथ मिला महिला का शव
- सरकारी स्कूल में अध्यापक थी महिला
- जान बचाने के लिए चीखती चिल्लाती रही पत्नी, बेरहमी का हृदय नहीं पसीजा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ (कंकरखेड़ा): शिवलोकपुरी में गुरुवार दिन निकलते ही एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। खून से लथपथ आरोपी व्यक्ति हथियार लेकर खुद ही थाने पहुंच गया और बोला मैं पत्नी की हत्या करके आया हूं।

पुलिस ने हत्यारोपी को तत्काल गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया और उससे हथियार अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शिवलोकपुरी में नत्थू सिंह वकील का परिवार रहता है। नत्थू सिंह के दो बेटे देवेंद्र वर्मा और वर्मा बराबर में अपने अलग अलग मकान में रह रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे देवेंद्र खून से भीगा हुआ धारदार हथियार लेकर कंकरखेड़ा थाने पहुंच गया और बोला मैं अपनी पत्नी प्रतिमा वर्मा की हत्या करके आया हूं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और थाने में बैठा लिया। उसके कब्जे से धारदार हथियार पुलिस ने ले लिया। पुलिस घटनास्थल पर शिवलोक पुरी पहुंची और मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को भी बुला लिया। लोगों से पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने आरोपी को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी।
प्रतिमा वर्मा निवासी श्रद्धापुरी की शादी देवेंद्र पुत्र नत्थू सिंह निवासी शिवलोकपुरी से करीब 13 वर्ष पूर्व हुई थी। प्रतिमा वर्मा ने देवेंद्र के साथ प्रेम विवाह किया था। प्रतिमा सरधना थाना क्षेत्र के नानू गांव के प्राइमरी स्कूल में सरकारी अध्यापक थी। घर का खर्चा प्रतिमा ही चलाती थी। प्रतिमा का 10 वर्ष का पुत्र आशु सरकारी स्कूल में पढ़ता है।
नशे का आदी बताया गया हत्यारोपी
हत्यारोपी देवेंद्र के पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी शराब पीने का आदी है। लोगों का कहना है कि देवेंद्र वर्मा शराब पीकर आए दिन पत्नी और अन्य मोहल्ले के लोगों के साथ झगड़ा करता रहता था। गुरुवार सुबह भी आरोपी ने पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। दिन निकलते ही शराब के लिए पैसे मांगने पर महिला को गुस्सा आ गया और उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। बस इसी बात से गुस्सा होकर देवेंद्र वर्मा ने पत्नी की हत्या कर दी।
बड़ी बेरहमी से कर डाली पत्नी की हत्या
बताया देवेंद्र वर्मा ने गुरुवार सुबह अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की थी। जिस पर उसने इंकार कर दिया। इस बात से गुस्सा होकर पहले हथौड़े से वार किया। निर्दयी व्यक्ति ने हथौड़े से वार करने के बाद धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत डाला। पत्नी चीखती चिल्लाती रही लेकिन उसे कोई दया नहीं आई।

