- नगर निगम में जनसुनवाई का पहला मंगलवार
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: नगर निगम में मंगलवार को हुई जनसुनवाई के दौरान अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए बड़ी संख्या में लोग नगर निगम पहुंचे। अनेक लोग अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर समूह के रूप में भी पहुंचे। जनसुनवाई के पहले मंगलवार को कुल 21 शिकायतें निगम अधिकारियों के समक्ष आई।
अनेक शिकायतों का आज ही त्वरित निस्तारण किया गया। शिकायतों में नाले-नालियों व सड़क के निर्माण और मरम्मत के अलावा जल भराव, नालो की सफाई, पेयजल कनेक्शन, गृहकर संशोधन, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण आदि समस्याऐं शामिल रही। जनसुनवाई का आयोजन प्रदेश शासन के आदेशों के अनुपालन में नगर निगम में किया गया था।
मानकमऊ क्षेत्र के वेण्डरों ने नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को बताया कि पुलिस सड़क किनारे उन्हें खड़ा नहीं होने दे रही है। इस पर नगरायुक्त ने राजस्व व निर्माण विभाग के अधिकारियों को मानकमऊ के निकट स्थित निगम की भूमि को समतल कराकर वेण्डिंग जोन बनाने के निर्देश दिये। वार्ड नं. 26 प्रकाशलोक कालोनी की महिलायें एवं क्षेत्रवासियों ने गली नं. 5 में नाली न होने के कारण पानी सड़कों पर बहने और गली की स्थिति खराब होने की शिकायत रखी।
अधिशासी अभियन्ता निर्माण आलोक श्रीवास्तव ने क्षेत्रवासियों को बताया कि उनके क्षेत्र में उक्त समस्या के समाधान हेतु 20 लाख रुपए का एस्टीमेट तैयार है और जल्दी ही उनकी समस्या का समाधान हो जायेगा। पंजाबी बाग निवासी ओमकार सिंह व चिलकाना रोड़ निवासी अली हसन की शिकायत थी कि उनके क्षेत्र में नाले-नालियों की ठीक से सफाई नहीं की जा रही है। जिस पर नगरायुक्त ने स्वास्थ्य वि•ााग को तुरन्त सफाई कराने के निर्देश दिये।

