जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को प्रयागराज में सर्किट हाउस में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने हर घर तिरंगा कार्यक्रम की तैयारियों समीक्षा करते हुए कहा कि तिरंगे झण्डे को मानक के अनुरूप बनाया जाना चाहिए। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से जो झंडे बनाये जा रहे है, उनका नियमित रूप से अनुश्रवण करते रहे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त को जो अमृत सरोवर बन के तैयार हो गये है, वहां पर भी झंडारोहण की व्यवस्था कर ली जाये। उन्होंने हर घर तिरंगा कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा सभी लोगों को कार्यक्रम से जुड़ने के लिए कहा है।
आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आवास योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित कराये जाने में कोई भी शिकायत नहीं प्राप्त होनी चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना में अपात्रों का चयन करने वालों के विरुद्ध की गयी कार्रवाई के बारे में जानकारी ली, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आवास योजना के अन्तर्गत अपात्रों को लाभान्वित कराने वाले 34 ग्राम सचिवों-ग्राम विकास अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की गयी है।
हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर को नल से जोड़ने का कार्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने योजना को तीव्र गति के साथ पूरा कराये जाने के लिए कहा है, जिससे की हर अमीर, गरीब, दलित, पिछड़े सभी को योजना से जोड़कर उनके घरों तक नल के द्वारा साफ पीने का पानी उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को हर घर नल योजना की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने के लिए कहा है।
उपमुख्यमंत्री ने जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायतों की सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों से पूछ कर ही सड़कों के निर्माण की सूची बनायी जाये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिन सड़कों के निर्माण की सूची बनायी गयी है, उन्हें तत्काल जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दें।

