- विरोध के चलते बिना मीटर लगाए वापस लौटी विद्युत टीम
जनवाणी संवाददाता |
गढ़ीपुख्ता: गांव पेलखा में नलकूप पर विद्युत मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम का किसानों ने कड़ा विरोध कर एसडीओ व जेई को अपने बीच बैठा लिया। एसडीओ के प्रसासों के बाद भी किसान नलकूप पर मीटर लगवाने के लिए तैयार नहीं हुए। जिसके चलते विद्युत विभाग की टीम को वापस लौटना पड़ा।
शासन के निर्देश पर विद्युत विभाग द्वारा किसानों के नलकूपों पर विद्युत मीटर लगाए जाने का काम किया जा रहा है। लेकिन किसान इसका जमकर विरोध कर रहे हैं। कई स्थानों पर किसानों ने नलकूपों पर लगाए विद्युत मीटरों को उखाड़ करबिजलीघर में जमा कर दिया है। किसानों द्वारादोबारा मीटर लगाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी जा रही है।
कगुरुवार को क्षेत्र के गांव पेलखा में बिजलीघर के एसडीओ अनुराग सक्सेना, जेई सौरभ सक्सेना व अन्य कर्मचारी किसानों के नलकूपों पर विद्युत मीटर लगाने पहुंचे। जिनका किसानों ने कडा विरोध किया। बाद में सभी किसान व विद्युत अधिकारी ग्राम प्रधान अरविन्द के यहां पहुंचे।
सूचना मिलते ही किसान यूनियन के पदाधिकारी व आसपास के गांवों के किसान भी मौके पर पहुंच गए तथा मीटर लगाने का विरोध करते हुए एसडीओ व जेई को अपने बीच बैठा लिया। एसडीओ ने किसानों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन किसान नलकूप न लगाए जाने की मांग पर अडे रहे। किसानों व किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नलकूपों पर मीटर लगाए गए तो इसका कड़ा विरोध करेंगे। काफी समझाने बुझाने के बावजूद भी मामले का कोई समाधान नहीं निकल पाया और विद्युत विभाग की टीम बैरंग वापस लौट गर्ई।
इस दौरान शौकेंद्र चौधरी भैसवाल, देवराज पहलवान, प्रेमसिंह, डा. देवेन्द्र सिंह, शांता प्रधान दरगाहपुर, वीशू ताना, जितेन्द्र सिंह, यशपाल सिंह सहित भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।

