- पुलिस ने दो को सुरक्षित निकाला, डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत
जनवाणी संवाददाता |
भेपा: थानाक्षेत्र की सीकरी चैकी के अंतर्गत निरगाजनी पावर हाउस के पास देवबंद निवासी बाइक सवार तीन युवक देर रात पुलिया में टकराने के बाद गंग नहर में डूब गए। सूचना पर पहुंची भेपा पुलिस ने किसी तरह दो युवकों को पानी से बाहर निकाला वही तीसरे युवक की गहरे पानी मे डूबकर मौत हो गयी। शनिवार दोपहर काफी प्रयासों के बाद युवक का शव गंग नहर से बरामद किया गया। युवक का शव मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। तीनो युवक शुक्रवार देर रात देवबंद से ककरौली थानाक्षेत्र के गांव खेड़ी फिरोजाबाद जा रहे थे।
जनपद सहारनपुर के देवबंद निवासी हैदर पुत्र राशिद सिद्दीकी, रहीम कुरेशी पुत्र रमजानी व फारुख कुरेशी पुत्र मंगल शुक्रवार देर रात अपने घर देवबंद से बाइक पर सवार होकर ककरौली थानाक्षेत्र के गांव खेड़ी फिरोजाबाद निवासी अपने बहनोई शमीम पुत्र सलीम के पास जा रहे थे। जैसे ही तीनो भेपा थानाक्षेत्र के निरगाजनी पावर हाउस के पास पहुंचे तो अचानक को वाहन सामने से आ गया जिससे बचने के प्रयास में उनकी बाइक गंग नहर की पुलिया से टकरा गयी।
दुर्घटना के दौरान तीनों नहर की पुलिया से टकराकर नहर में गिर गए और डूबने लगे तीनो को शोर शराबा सुनकर पास में ही गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयासो के बाद हैदर व रहीम को बाहर निकाल लिया। परन्तु फारुख कुरैशी पुत्र मंगल उम्र 19 वर्ष का कही पता नही चल पाया। पुलिस ने दोनों युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भिजवाया। और डूबे युवक को ढूंढने के प्रयास शुरू दिए। काफी प्रयासो के बाद शनिवार दोपहर गहरे पानी से फारुख का शव बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया।
फारुख देवबंद में ही एक कारखाने में एलमुनियम के गेट आदि बनाने का कार्य करता था। अतिरिक्त सीओ देवव्रत वाजपेई थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार सैनी ने बताया कि मृतक के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इंकार कर दिया था घटना को इत्तेफाकिया बताते हुए शव को अपने साथ ले गए।

