- टोल कंपनी के नए परियोजना प्रमुख वैभव शर्मा ने जनवाणी से किया अनुभव साझा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एनएच-58 स्थित वेस्टर्न यूपी टोलवे कंपनी के परियोजना प्रमुख वैभव शर्मा ने सितंबर माह में टोल प्लाजा पर कार्यभार ग्रहण किया था। मंगलवार को परियोजना प्रमुख ने जानकारी देते हुए कहा कि परतापुर से लेकर रामपुर तिराहे तक 78 किलोमीटर की दूरी है। ये एरिया हाइवे के अधीन है।
इस एरिया में हाइवे पर अवैध रूप से हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ जल्द ही अभियान शुरू किया जाएगा। हाइवे पर स्थित ढाबे, रेस्टोरेंट के बाहर सबसे अधिक अतिक्रमण किया जा रहा है। अतिक्रमण को हटवाया जाएगा। हाइवे पर अवैध रूप से खुले कटों को भी जल्द बंद करवाया जाएगा।
क्योंकि इन कटों को स्थानीय नागरिकों द्वारा जबरन खोल दिया जाता है। इसके लिए जनपद के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर सहयोग की मांग की गई है। सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए टोलवे कंपनी द्वारा जन अभियान चलाया जाएगा। वैभव शर्मा ने बताया कि टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से भी जल्द निजात मिलेगी।
इसके लिए प्लाजा पर जहां पहले से ही अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। वहीं जाम में सुधार के लिए जन अभियान भी चलाया जाएगा। हालांकि प्लाजा पर जाम का मुख्य कारण फ्री में गाड़ी निकालना और टैग को रिचार्ज न कराना प्रमुख कारण है। इसलिए नागरिकों से भी अपील है कि वह भी इस जाम में सुधार के लिए टॉलवे कंपनी का सहयोग करें।
टोल प्लाजा के दोनों और बने शौचालयों को लेकर परियोजना प्रमुख ने बताया कि इन शौचालयों को एनएचएआई द्वारा टेंडर निकाल कर शुरू कराया जाएगा। क्योंकि कंपनी द्वारा शौचालय को बनाकर एनएचएआई के हैंड ओवर कर दिया गया है। इन शौचालयों को एनएचएआई द्वारा ही सुचारू कराया जा सकता है।
मालूम हो कि हाल ही में कंपनी के डायरेक्टर श्रीधर नारायण का ट्रांसफर होने के बाद कंपनी ने वैभव शर्मा को उनकी जगह पर भेजा है। इससे पहले वैभव शर्मा आंध्र प्रदेश में एक कंपनी में कार्यरत थे।

