- शिकायत पर सिंचाई विभाग ने बंद कराया काम, निकासी की समस्या बरकरार
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सरधना-नानू मार्ग पर नगर के मुख्य नाले का पानी कुछ लोगों ने बिना अनुमति के बंद कर दिया। इतना ही नहीं नाले पर पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कर दिया। शिकायत मिलने पर सिंचाई विभाग ने तत्काल निर्माण कार्य बंद करा दिया। मगर नाला नहीं खुलने के कारण दूषित पानी की निकासी बाधित हो गई है। जिसके चलते नगर में जलभराव की समस्या बनना लाजमी है।
दरअसल, सरधना-नानू मार्ग स्थित नाले में पूरे कस्बे के दूषित पानी की निकासी होती है। यह नाला सिंचाई विभाग के अंडर में आता है। कुछ लोगों द्वारा नानू तिराहे के निकट नाले का पानी बंद कर दिया गया। इतना ही नहीं बिना अनुमति के नाले पर पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कर दिया। मामले की शिकायत सिंचाई विभाग तक पहुंची तो टीम जांच करने पहुंच गई। देखा तो नाला बंद है और पुलिय का निर्माण चालू है। जिस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने तत्काल निर्माण कार्य बंद करा दिया।
मगर नाले में किया गया भराव जस का तस है। इस कारण दूषित पानी की निकासी बाधित हो गई है। इस कारण कस्बे में जलभराव की समस्या होना लाजमी है। इस संबंध में एसडीओ राजेश बाबू का कहना है कि बिना अनुमति के पुलिया का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है। नाले में किया गया भराव हटवाकर पानी की निकासी सुचारू कराई जाएगी।
आवारा गोवंश को पकड़ने की मांग को लेकर ब्लॉक प्रमुख का घेराव
सरूरपुर: क्षेत्र में घूम रहे छुट्टा मवेशियों से आहत किसानों ने सोमवार को खंड विकास कार्यालय पर हंगामा करते ब्लॉक प्रमुख का घेराव किया और उन्होंने आवारा पशुओं को पकड़ने की मांग रखी है। किसानों की फसल को बर्बाद करके रख दिया है। इसे लेकर जहां किसानों की खड़ी गेहूं व अन्य फसल को आवारा गोवंश तबाह कर रहे हैं। वहीं सड़कों पर खुलेआम घूम रहे छुट्टे गोवंश की चपेट में आकर राहगीर घायल हो रहे हैं।

सोमवार को भूनी गांव के कुछ किसान खंड विकास कार्यालय पर पहुंचे जहां उन्होंने हंगामा करते हुए प्रशासन पर आवारा मवेशियों का बंदोबस्त नहीं करने पर नाराजगी जाहिर की। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख मनोज चौहान का घेराव करते हुए मांग रखी कि छुट्टा घूम रहे मवेशियों को पकड़कर गोशाला भिजवाया जाए ताकि किसानों की मेहनत की फसल बर्बाद होने से बच जाए। इस मौके पर रुचिन त्यागी, सुदीप त्यागी,सोमेश त्यागी, नरेंद्र त्यागी, ब्रजनंदन त्यागी, बोदेश त्यागी, कलवा त्यागी, अंकित त्यागी सुभाष त्यागी आदि रहे।

