- परिचालक की तहरीर पर पुलिस ने कई बरातियों को दबोचा, क्षमा याचना पर हुआ समझौता
जनवाणी संवाददाता |
मुंडाली: मेरठ से लखनऊ जा रही शोहराब गेट डिपो की बस पर बरात में शामिल खुराफातियों ने मुरलीपुर में पथराव कर दिया। जिसमें बस के शीशे टूटने के साथ परिचालक समेत कई लोग घायल हो गए। बस दौड़ाकर हसनपुर चौकी पहुंचे चालक-परिचालक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस द्वारा आरोपियों को दबोचने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
मंगलवार देर शाम शोहराब गेट डिपो की बस यूपी-11 एटी 2876 मेरठ से लखनऊ के लिए रवाना हुई। करीब 9:30 बजे बस मुंडाली के मुरलीपुर स्थित वीनस फार्म हाउस के सामने पहुंची तो वहां बरात की चढ़त में शामिल कुछ नशेड़ी खुराफातियों ने बस पर पथराव कर दिया।
जिससे बस के साइड व पीछे का शीशा टूटने के साथ कई पत्थर बस में उपस्थित परिचालक सुरेंद्र और अन्य सवारियों को लगे। अचानक पथराव से घबराया चालक जफर अहमद तुरंत बस दौड़ाकर हसनपुर कदीम पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने वीनस फार्म हाउस पहुंचकर कुछ बरातियों को दबोच लिया।
जिसके बाद दुल्हे के पिता रामनिवास व भाई सचिन निवासी चिरौड़ी, लोनी जिला गाजियाबाद हसनपुर पुलिस चौकी पहुंचे क्षमा याचना के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नशेड़ी डांसरों ने कई वाहनों पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। गनीमत रही कि इस दौरान विरोध में कोई विवाद नहीं हुआ।

