नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। आज सोमवार को बेंगलुरू में विपक्षी दलों ने अपनी दूसरी बैठक आयोजित की। यह बैठक दो दिनों तक चलेगी।
पहले दिन कांग्रेस पार्टी की ओर से डिनर का आयोजन किया गया। डिनर बेंगलुरू के ताज वेस्ट एंड होटल में था। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने दावा किया है कि इस बैठक में देश के 26 दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया है।

डिनर में शामिल होने के लिए लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, बिहार के सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेता पहुंचे। पार्टी में फूट के बाद शरद पवार कल सीधे बैठक में शामिल होंगे।

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराने के लिए बेंगलुरु में विपक्षी दलों की दूसरी बैठक से पहले कांग्रेस की ओर से विपक्ष के नेताओं को डिनर पर इनवाइट किया है। डिनर बेंगलुरु के ताज वेस्ट एंड होटल में आयोजित किया गया। कांग्रेस पार्टी के मुताबिक, इसमें 26 दल के नेता शामिल हुए हैं।

बता दें कि विपक्षी दलों की इस बैठक से तेलंगाना मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी, आंध्र के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दूरी बना रखी है।

मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार, विपक्ष की बैठक में 2024 लोकसभा चुनाव के लिए कॉमन मिनिमम प्रोग्राम, राज्यवार गठबंधन, सीट शेयरिंग के अलावा महागठबंधन के नए नाम पर चर्चा की जाएगी।
साथ ही सभी दलों के साथ कॉर्डिनेशन के लिए एक संयोजक की नियुक्ति पर चर्चा होगी। इसके अलावा कॉमन मिनिमम प्रोग्राम समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए नेताओं का एक ग्रुप बनाने पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
सूत्रों के मुताबिक, 2004 लोकसभा चुनाव के बाद जिस तरह यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी बनी थीं, उसी तरह नए महागठबंधन में भी सर्वसम्मति से ऐसी नियुक्ति हो। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस चाहती है कि विपक्षी दलों में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उसे ही यह पद सौंपा जाए।


