- कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थिति होने लगी सामान्य
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होती नजर आ रही है। स्टेडियम में खिलाड़ियों की संख्या में इजाफा होने लगा है। वहीं, सावधानियों के साथ अभ्यास भी किया जा रहा है। बता दें कि स्टेडियम को लॉकडाउन के बाद खुले करीब पांच महीने बीतने जा रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ी भी अब अभ्यास में पूरी लग्न के साथ जुट गए हैं। कोरोना संक्रमण के चलेत लगे लॉकडाउन की वजह से कई महीनों बंद रखने के बाद कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम को 20 जून से खोला गया था।
प्रशासन द्वारा स्टेडियम में सिर्फ शूटिंग, आर्चरी और एथलेटिक्स खेलों को ही शुरुआत में अनुमति प्रदान की गई थी। लेकिन अब बैडमिंटन कोर्ट को भी खोल दिया गया है। वहीं, बास्केटबॉल कोर्ट में भी शाम के समय खिलाड़ी अभ्यास करते नजर आ रहे हैं। स्टेडियम प्रशासन द्वारा सख्ती का रुख अपनाते हुए सभी खिलाड़ियों के लिए सैनिटाइजर का उपयोग आवश्यक करने की नसीहत लगातार दी जा रही है।

वहीं, अभी कोई भी संपर्क वाले खेल शुरु नहीं किए गए है। जिसमें कुश्ती, जिम्नास्टिक और बॉक्सिंग को अनुमति अभी तक नहीं मिली है। सोशल डिस्टेंसिंग के मद्देनजर अभी इन खेलों को शुरु नहीं किया गया है। वहीं, शुरुआती दिनों में स्टेडियम को सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए ही खोला गया था।
जिसमें 20-25 खिलाड़ी ही स्टेडियम में सुबह और शाम के समय अभ्यास कर रहे थे। लेकिन इन दिनों स्टेडियम में यह संख्या बढ़कर 70-80 के बीच पहुंच गई है। सुबह के समय मैदान पर काफी खिलाड़ी अभ्यास करते नजर आ रहे हैं। सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अब स्टेट और जिला स्तरीय खिलाड़ियों का भी आना शुरु हो गया है।
पहले के मुकाबले मैदान पर आने वाले खिलाड़ियों की संख्या में इजाफा हुआ है। एथलेटिक्स में रोजाना सुबह और शाम के समय काफी खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। मैदान पर सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल भी रखा जा रहा है।
-गौरव त्यागी, एथलेटिक्स कोच
स्टेडियम को खुले काफी समय हो गया है, ऐसे में खिलाड़ियों की संख्या भी अब बढ़ने लगी है, लेकिन स्टेडियम प्रशासन द्वारा गाइडलाइंस का विशेष तौर पर ख्याल रखा जा रहा है। सभी खिलाड़ियों को सैनिटाजेशन करने के लिए कहा जा रहा है।
-आले हैदर, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी



