- तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार, तलाश में दबिश जारी
जनवाणी संवाददाता |
मुंडाली: एक सप्ताह पूर्व मुरलीपुर फूल से चोरी हुए ट्रैक्टर को पुलिस और सर्विलांस टीम ने चोरों की निशानदेही पर शांतिनगर गाजियाबाद से बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल तीन को जेल भेज दिया, जबकि दो अभी फरार हैं। एसओ मुंडाली वीरपाल सिंह ने शनिवार देर रात बताया कि बीते दो नवंबर की रात को मुरलीपुर फूल निवासी रिंकू पुत्र राकेश का महिंद्रा 585 ट्रैक्टर चोरी हो गया था। अगले दिन पीड़ित ने मुंडाली थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एसपी देहात कमलेश बहादुर, एसपी क्राइम अनित कुमार व सीओ शिवप्रताप सिंह के निर्देशन में तभी से पुलिस और सर्विलांस टीम सीसीटीवी कैमरे, बीटीएस व मुखबिर के जरिये ट्रैक्टर और चोरों की तलाश में थी। बकौल, एसओ शुक्रवार शाम पुलिस ने पुख्ता सबूतों के आधार पर प्रतीक पुत्र बिनेश निवासी दतावली, तरुण पुत्र सुखबीर निवासी जयभीमनगर थाना भावनपुर, सूरज पुत्र नौसिंह निवासी मुरलीपुर फूल को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अजय पुत्र नौसिंह निवासी मुरलीपुर फूल और अरुण पुत्र तीरथ सिंह निवासी सराय बनियाठेर संभल के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करना कबूलते हुए एसटीपी प्लांट शांतिनगर गाजियाबाद के पास मिट्टी में दबा होना बताया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ट्रैक्टर बरामद कर लिया। एसओ ने बताया कि घटना में शामिल पांचों चोर नई उम्र के हैं। पकड़े गए तीनों को जेल भेज दिया है। जबकि अजय, अरुण फरार हैं। जिनकी तलाश जारी है।

